अल्प प्रवास में शुक्रवार को सिवनी आए राज्यसभा सदस्य व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि किसानों की दोगुनी आय की बात करने वाली मोदी सरकार ने किसानों की आय घटा दी है। कृषि कानून पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को धान, मक्का खरीदी पर न्यूनतम मूल्य नहीं मिल रहा है।
सिवनी/छपारा। अल्प प्रवास में शुक्रवार को सिवनी आए राज्यसभा सदस्य व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि किसानों की दोगुनी आय की बात करने वाली मोदी सरकार ने किसानों की आय घटा दी है। कृषि कानून पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को धान, मक्का खरीदी पर न्यूनतम मूल्य नहीं मिल रहा है। किसान आंदोलित हैं और प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि मुझ पर विश्वास करो। नए संसद भवन के शिलान्यास को उन्होंने फिजूलखर्ची बताया। उन्होंने कहा कि कान्ट्रेक्ट फार्मिंग से ऐसा लग रहा है कि ईस्ट इंडिया कंपनी वापस ला रहे हैं। जिस तरह से चंपारण में नील की खेती करने वालों का शोषण होता था, वही कान्ट्रेक्ट फार्मिंग से करने वाले हैं। कृषि कानून को बदला गया है, जिससे जमाखोर और कालाबाजारियों को पूरा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसका हम विरोध करते हैं और कृषि कानून वापस होना चाहिए।
नवनिर्मित कांग्रेस कार्यालय का किया दौरा : छिंदवाड़ा से होते हुए सिवनी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जिला मुख्यालय में नए कांग्रेस कार्यालय भवन का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। भवन की भव्यता पर उन्होंने खुशी जाहिर की।
तस्वीरों से ताजा की पुरानी यादें: बर्रा में स्वल्पाहार करने के बाद उन्होंने बैठक हॉल में लगी पुरानी तस्वीरों का अवलोकन किया। तस्वीरों को देखकर अपने कार्यकाल को याद किया। पूर्व विस उपाध्यक्ष व त्रिविभागीय मंत्री हरवंश सिंह के साथ कई राजनेताओं की तस्वीरें यहां लगी हुई हैं। इसमें दिग्विजय सिंह के मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यकाल में कई तस्वीरें भी शामिल हैं।