नहर में पानी की मांग को लेकर 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

380

सिवनी में किसानों का विरोध प्रदर्शन: नहर में पानी की मांग को लेकर 300 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, 5 घंटे तक बाधित रहा राष्ट्रीय राजमार्ग

सिवनी: सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर 26 दिसंबर को हुए किसानों के धरने के कारण वाहनों का आवागमन पांच घंटे तक बाधित रहा। किसानों ने पेंच परियोजना की नहर में पानी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने 300 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।

हजारों वाहन और यात्री घंटों तक जाम के कारण परेशान होते रहे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने श्रीवनी फिल्टर प्लांट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग में चक्काजाम कर दिया था, जिससे हजारों वाहन और यात्री घंटों तक जाम के कारण परेशान होते रहे। बंडोल थाना प्रभारी श्रीचंद मरावी ने बताया कि इस मामले में 5 नामजद और कई अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा, “धरने के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने चक्काजाम किया, जिससे सड़क पर जाम लग गया और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।”

महिलाएं भी हाथों में स्लोगन वाली तख्तियां लेकर सड़क पर बैठ गईं।

किसान और क्षेत्रवासी पेंच नहर शाखा डी-4 में कार्य पूर्ण कर बंडोल के कलारबांकी क्षेत्र में पानी देने की मांग को लेकर विरोध में थे। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं भी हाथों में स्लोगन वाली तख्तियां लेकर सड़क पर बैठ गईं। कई घंटे की नारेबाजी और धरने के बाद, जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन रदद हुआ।

वीडियो रिकॉर्डिंग का सहारा लेकर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है पुलिस

इस विरोध प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के पहिए थम गए थे, जिससे सैकड़ों वाहन कई घंटों बाद अपने गंतव्य तक पहुंचे। पुलिस अब विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई वीडियो रिकॉर्डिंग का सहारा लेकर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है

किसानों का आरोप है कि जल संकट के कारण उनकी खेती प्रभावित हो रही है, और सरकार से उचित जल आपूर्ति की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, और आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।