सिवनी – 07 एवं 08 फरवरी 2026 – रूखड़ रेंज अंतर्गत मोहगांव ग्राम में गश्ति के दौरान रात में पेंच टाइगर रिजर्व अमले द्वारा क्षेत्र तलाशी के दौरान निजी स्वामित्व की भूमि पर उक्त भूमि पर सागौन (टीक) के वृक्ष पाये गये, किंतु कोई भी अन्य फसल उस भूमि पर नहीं थी जिसमें आरोपियों द्वारा 11 केवी विद्युत लाइन से अवैध रूप से तार जोड़कर वन्यप्राणियों के शिकार हेतु करंट प्रवाहित किया गया था। पास ही एक नर गौर आयु लगभग 13-14 वर्ष मृत पाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराने हेतु विद्युत विभाग संपर्क किया गया, किंतु विद्युत आपूर्ति तुरंत बंद न हो पाने से मौका स्थिति देखते हुए अपराधियों द्वारा लगाया गया विद्युत तार जिस से गौर की मृत्यु हुई, को सावधानी से निकाल दिया गया जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा वन्यजीव हानि को रोका जा सका।
अपराधियों को पकड़ने के लिए वन अमले द्वारा टीम बनाकर क्षेत्र की घेराबंदी की गई, कुछ समय बाद अपराधी किनारे पर लगी जाली के छेद से अंदर आते दिखाई दिए जिन्हें वन अमले द्वारा घेर कर पकड़ लिया गया। अपराधियों ने अपना अपराध मौके पे स्वीकार किया और पास ही एक प्लास्टिक की बोरी भी जप्त कराई जो कि उनके द्वारा खूंटी और तार लाने में उपयोग की गई थी। मौके से अवैध विद्युत तार, कनेक्शन सामग्री एवं डॉग स्क्वायड की सहायता से आरोपियों के घर से अन्य संदिग्ध वस्तु जब्त की गई जो अपराध की पुष्टि करती हैं
मृत गौर का निर्धारित गाइडलाइन अनुसार पोस्टमार्टम कर भस्मीकरण की कार्यवाही की गई । संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।
इस प्रकरण में तीन आरोपियों को पकड़ा गया है
(1) कैलाश पिता पंचम चक्रवर्ती उम्र -41 (लगभग), साकिन -मोहगांव
(2) सुनील पिता फूल सिंह उईके, उम्र -35 (लगभग), साकिन-मोहगांव
(3) दशरथ पिता श्री यादव, उम्र -32 (लगभग), साकिन-मोहगांव