सिवनी – दीपावली एवं आगामी त्योहारों को लेकर सिवनी पुलिस अलर्ट, कार्बाइड गन और अवैध पटाखों पर होगी सख्त कार्रवाई
♦️ खतरनाक कार्बाइड गन एवं अवैध विस्फोटक सामग्री पर विशेष नजर – हार्डवेयर शॉप से लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक पुलिस की निगरानी
दीपावली एवं आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी द्वारा निर्देशित किया गया है कि –
- कार्बाइड गन, कार्बाइड लैम्प, केमिकल कैल्शियम कार्बाइड, प्रतिबंधित पटाखों और अवैध विस्फोटक सामग्री के निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं उपयोग पर सतत निगरानी रखी जाए।
- सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अवैध बिक्री की निगरानी की जाए।
- बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाई जाए।
खतरनाक कार्बाइड गन एवं कैल्शियम कार्बाइड पर विशेष नजर –
कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैम्प का अनुचित उपयोग गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इनके उपयोग से विस्फोट, आगजनी एवं आंखों, चेहरे व शरीर पर गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए आसूचना संकलन टीमों द्वारा हार्डवेयर शॉप, फैब्रिकेशन शॉप एवं केमिकल कैल्शियम कार्बाइड विक्रय करने वाली दुकानों की लगातार चेकिंग की जाएगी। अवैध निर्माण, बिक्री अथवा उपयोग की जानकारी मिलने पर संबंधित विभागों के समन्वय से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पटाखा दुकानों की जांच एवं अवैध भंडारण पर कार्रवाई –
पटाखा दुकानों में लाइसेंस की शर्तों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की जांच संबंधित विभागों के साथ संयुक्त रूप से की जाएगी। प्रतिबंधित पटाखों की खरीद-बिक्री एवं विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन बिक्री पर निगरानी –
कार्बाइड गन व संबंधित सामग्री की अवैध बिक्री के स्रोतों की पहचान हेतु सोशल मीडिया पोस्ट एवं ऑनलाइन मार्केट प्लेस पर भी निगरानी रखी जा रही है।
जागरूकता अभियान –
समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्कूलों, पंचायतों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों विशेषकर बच्चों को कार्बाइड गन एवं अवैध पटाखों से होने वाले संभावित खतरों के प्रति जागरूक करें।
सिवनी पुलिस की अपील –
सिवनी पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैम्प जैसी खतरनाक वस्तुओं का उपयोग, निर्माण एवं विक्रय न करें। यह पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति ऐसा करते पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या सिवनी पुलिस कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 7587622616 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाली अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध तथ्यों एवं लागू कानूनों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नागरिक सुरक्षा नियमों का पालन करें, सतर्क रहें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग कर सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण दीपावली मनाएं।







