जांच दल द्वारा लिए गए विभिन्न खाद्य पदार्थों के गुणवत्ता जांच हेतु नमूने
खाद्य प्रतिष्ठानों को साफ स्वच्छ वातावरण में गुणवत्ता युक्त मानक खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय करने के दिए निर्देश
सिवनी – जैसे ही त्यौहारी सीजन चालू होता है वैसे ही मिठाइयो की खपत ज्यादा होने प्रारंभ हो जाती है जिसके चलते मिठाई दुकान वाले पहले से ही स्टाक करने के उददेश्य से नकली खोवा से मिठाई बनाने का काम चालू कर देते है जिसको ध्यान में रखते हुए कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के जांच दल द्वारा अमानक खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण एवं विक्रय करने वालों पर सतत कार्रवाई की जा रही है।

साथ ही त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जांच दल द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर गुणवत्ता जांच की जा रही है।
इसी कड़ी में 01 अगस्त 25 को घंसौर स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से कलाकंद, मलाई पेड़ा, मिल्क कैक, तृप्ति स्वीट्स से बूंदी के लड्डू , पोहा, नमकीन, धनौरा स्थित कैहरी दूध डेरी से मावा, केवलारी स्थित नवीन राय मावा भंडार से मावा,जिसके बाद 02 अगस्त 2025 को पलारी तिगड्डा स्थित कैलाश होटल से पेड़ा, मानेगांव स्थित घनश्याम मावा भंडार से कलाकंद मावा एवं कुंदा का नमूना गुणवत्ता जांच हेतु लिया गया। जांच के क्रम में रिस्क बेस निरीक्षण दौरान नटराज स्वीट्स बारापत्थर सिवनी, कुबेर रेस्टोरेंट राजस्थानी एवं मारवाड़ी मिष्ठान कैटर्स का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों का स्पॉट परीक्षण किया गया। जांच दल द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों को साफ स्वच्छ वातावरण में गुणवत्ता युक्त मानक खाद्य पदार्थों का निर्माण, विक्रय एवं भंडारण करने की समझाइश दी।







