सिवनी – कुरई दक्षिण सामान्य वन परिक्षेत्र के कुरई रेंज अंतर्गत जामरापानी सर्किल की गोरखपुर बीट स्थित ग्राम फतेपुर में शनिवार रात करीब 9 बजे एक तेंदुआ पदम बल्के पिता मन्नू बल्के के घर में घुस गया। तेंदुए को घर में जाता देख परिजनों और ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए बाहर से दरवाजा बंद कर तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
ग्रामीण शिवनंदन चंद्रवंशी ने बताया कि तेंदुए ने पहले घर के कुत्ते पर हमला करने का प्रयास किया। कुत्ता जान बचाकर घर के अंदर घुस गया, जिसके पीछे तेंदुआ भी घर में दाखिल हो गया।
सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल धारू के नेतृत्व में वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। रात्रि में पिंजरा लगाकर तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के बाद तेंदुए को दक्षिण सामान्य वन परिक्षेत्र कुरई लाया गया।
रविवार 21 दिसंबर को तड़के करीब 3 बजे तेंदुए को रूखड़ बफर जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल धारू ने क्षेत्रवासियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। यहा सबसे बडा सवाल यह खडा होता है कि आखिर अपने घर को छोडकर वन्यजीव आवासिय क्षेत्रो में क्यो और कैसे आ रहे है इन सब बातो पर गौर करना बेहद ही आवश्यक हो गया है कि कही हम ही तो इसके जिम्मेदार नही या बात कुछ और ही है।







