बाजू में स्थित गैस एजेंसी से सिलेंडर हटाए, टली बड़ी घटना

सिवनी। जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर कान्हीवाड़ा में गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक रुई के गोदाम में भीषण आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा कच्चा एवं पक्का माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कान्हीवाड़ा-मटियाटोला मार्ग पर सड़क किनारे स्थित राजकमल गारमेंट (राहुल जैन) के रुई के गोदाम में बड़ी मात्रा में रुई का भंडारण किया गया था। गुरुवार दोपहर अचानक अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। रुई अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग ने तेजी से पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।गौरतलब है कि रुई के गोदाम के ठीक समीप एचपी गैस एजेंसी का गोदाम भी स्थित है, जहां बड़ी संख्या में गैस से भरे सिलेंडर रखे हुए थे। आग की लपटें बढ़ते देख किसी संभावित बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए एजेंसी कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सिलेंडरों को आनन-फानन में वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन पलारी से मौके के लिए रवाना हुआ, लेकिन उसके पहुंचने में विलंब हुआ। तब तक आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया था और अधिकांश सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी थी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।