सिवनी – धूमा नगर के प्रतिष्ठित नागरिक, समाजसेवी एवं धार्मिक कार्यों में सदैव सक्रिय रहने वाले श्री करुणाशंकर मिश्रा का हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही धूमा सहित आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त हो गया। वे लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे थे। अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण वे समाज के हर वर्ग में सम्मानित थे।
श्री मिश्रा धार्मिक आयोजनों, सामाजिक कार्यक्रमों एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के कार्यों में हमेशा आगे रहते थे। क्षेत्र के लोगों को मार्गदर्शन देना और समाज को एकजुट रखने के प्रयास उनकी विशेष पहचान थे। उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन से परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में गहरा दुख व्याप्त है।
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार उनकी अंत्येष्टि मंगलवार 12 मई को सुबह 10 बजे स्थानीय मोक्षधाम धूमा में संपन्न होगी। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है दुख की इस घडी में संवाददूत समाचार पत्र परिवार ईश्वर से कामना करता है कि शोक संतप्त परिवार को ईश्वर दुख सहन करने की शक्ति दें और दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।







