सिवनी – एक अखबार के संपादक शमीम खान पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने वाला शातिर सुपारी किलर कान्हा उर्फ बिट्टू एवं 01 विधि विवादित किशोर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में
25 हजार रुपये की सुपारी लेकर जानलेवा हमला करने की बात पूछताछ में स्वीकार
घटना में प्रयुक्त एक्सेस स्कूटी एवं धारदार चाकू जप्त
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, विधि विवादित किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया गया प्रस्तुत
सिवनी। पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने एक अखबार के संपादक शमीम खान पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने वाले शातिर सुपारी किलर कान्हा उर्फ बिट्टू एवं 01 विधि विवादित किशोर को पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
स्कूल से लौटते वक्त एक अखबार के संपादक पर चाकू से हमले का प्रयास

दिनांक 04 सितम्बर 2026 को प्रार्थी शमीम खान एक अखबार के संपादक, निवासी शाद कॉलोनी, शहीद वार्ड, सिवनी द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 03 सितम्बर 2026 को प्रातः लगभग 08.00 बजे वे अपने पुत्र को मोपेड स्कूटी से उदय पब्लिक स्कूल छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शिवहरे क्लिनिक, बड़ी ज्यारत नाका के पास पीछे से मोपेड स्कूटी पर सवार 02 नकाबपोश व्यक्तियों द्वारा रास्ता रोकने का प्रयास किया गया तथा गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से पेट में वार करने का प्रयास किया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 781/2026, धारा 126(2), 296(बी), 351(2), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने विभिन्न स्थानो पर छापामार कार्रवाई कर आरोपियों को धर दबोचा

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल टीम गठित कर अज्ञात नकाबपोश हमलावरों की पहचान एवं तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर संदिग्धों की तलाश की गई।
संदेही आरोपियों में एक विधि विवादित किशोर भी शामिल

पुलिस द्वारा संदेही कृष्णा उर्फ कान्हा उर्फ बिट्टू बैरागी एवं 01 विधि विवादित किशोर को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों द्वारा लगभग 25 हजार रुपये की सुपारी लेकर एक अखबार के संपादक शमीम खान पर जानलेवा हमला करने की बात स्वीकार की गई।
आरोपियो के पास से एक स्कूटी और धारदार चाकू बरामद
आरोपियों द्वारा घटना में प्रयुक्त एक्सेस स्कूटी क्रमांक एमपी 22 जेडसी 0140 एवं 01 धारदार चाकू प्रस्तुत किया गया, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत जप्त किया गया।
एक आरोपी को माननीय कोर्ट से जेल तो दूसरे को सुधारालय भेजा गया
आरोपी कान्हा उर्फ कृष्णा उर्फ बिट्टू बैरागी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
वहीं 01 विधि विवादित किशोर को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेषण गृह (सुधारालय), सिवनी भेजा गया।
अभी पुलिस की पकड से सुपारी देने वाला दूर
कोतवाली पुलिस द्वारा प्रकरण में एक अखबार के संपादक शमीम खान पर जानलेवा हमला करवाने के लिए सुपारी देने वाले व्यक्ति की पहचान एवं तलाश की जा रही है। प्रकरण में विवेचना एवं अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
एक आरोपी पर पूर्व से अपराध दर्ज

उल्लेखनीय है कि दिनांक 02 दिसम्बर 2024 को कान्हा उर्फ बिट्टू द्वारा अपने अन्य साथियों पीयूष उर्फ खब्बा यादव एवं शेख स्माईल उर्फ आशु अंसारी के साथ मिलकर थाना कोतवाली के सूचीबध्द गुण्डा बदमाश मयूर दुबे पिता मुकेश दुबे निवासी केवटी वार्ड सिवनी के कहने पर परमानंद जायसवाल, निवासी अभिषेक कॉलोनी, सिवनी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी। उल्लेखनीय है कि गुण्डा बदमाश मयूर दुबे पर सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बिगाडने, हत्या, हत्या का प्रयास,बलवा,मारपीट जैसे लगभग 08 से अधिक प्रकरण पंजीबध्द है उक्त घटना पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 882/2024 धारा-115(2),117(2),296,3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अभियोग पत्र माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु तैयार किया जा चुका है।
आरोपियों में पहला कान्हा उर्फ कृष्णा उर्फ बिट्टू बैरागी पिता पंचम उर्फ पंचमलाल बैरागी, उम्र 24 वर्ष, निवासी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे, बारापत्थर, सिवनी, थाना कोतवाली, जिला सिवनी जिसका पूर्व से चोरी एवं मारपीट संबंधी 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज है इसके अलावा दूसरा एक विधि विवादित किशोर, उम्र 16 वर्ष है जिसके पूर्व से चोरी एवं मारपीट संबंधी 02 प्रकरण है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक्सेस स्कूटी क्रमांक एमपी 22 जेडसी 0140 और 01 धारदार चाकू जप्त किया है।
इस पूरे मामले के सफल खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में निरीक्षक सतीश तिवारी, सउनि राजेन्द्र नागवंशी, प्र.आर. सुधीर डहेरिया, प्रदीप चैधरी, म.प्र.आर. श्रीमती निशा दोनावट, आरक्षक प्रतीक बघेल एवं म.आर. श्रीमती दीपाली बघेल की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।







