सिवनी ,बरघाट। आज नगर पालिका बरघाट के सभा मंच पर किसान गर्जना संगठन द्वारा विशाल आमसभा का आयोजन किया गया। आमसभा में बरघाट क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में धान उत्पादक किसान शामिल हुए। किसानों ने भावांतर योजना को लेकर अपनी चिंताएं और विरोध दर्ज कराते हुए सरकार से किसानों के हित में ठोस निर्णय लेने की मांग की।
भावांतर योजना धान उत्पादक किसानों के हित में नहीं


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान गर्जना संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चैधरी ने कहा कि भावांतर योजना धान उत्पादक किसानों के हित में नहीं है। किसानों को उनकी उपज का उचित और सुनिश्चित मूल्य मिलना चाहिए। सरकार किसानों की मेहनत और लागत को ध्यान में रखते हुए धान की खरीदी उचित दर पर सुनिश्चित करे।
भावांतर योजना के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा


उन्होंने कहा कि किसान गर्जना संगठन किसानों की आवाज को गांव-गांव तक पहुंचाएगा और भावांतर योजना के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा। किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गांव-गांव जाकर संगठन का विस्तार किया जाएगा


वहीं किसान गर्जना संगठन के जिला अध्यक्ष जितेंद्र ‘गोलू’ पटेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि इस लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव जाकर संगठन का विस्तार किया जाएगा। प्रत्येक धान उत्पादक किसान को संगठन से जोड़कर किसानों की एकजुट आवाज तैयार की जाएगी, ताकि सरकार तक किसानों की वास्तविक समस्याएं मजबूती से पहुंचाई जा सकें।
आमसभा के दौरान किसानों ने भावांतर योजना के संबंध में अपनी आपत्तियां एवं मांगें रखीं। कार्यक्रम के पश्चात किसान गर्जना संगठन द्वारा किसानों की मांगों को लेकर तहसीलदार बरघाट को ज्ञापन सौंपा गया।
इस लड़ाई में संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लिया


इस अवसर पर किसान गर्जना संगठन के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान साथी उपस्थित रहे। आमसभा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों धान उत्पादक किसानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए किसान हित की इस लड़ाई में संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प लिया।