बालाघाट ( संवाददूत ) – समनापुर रोड पर पडऩे वाले भटेरा में मंगलवार को एक नहीं बल्कि दो अलग-अलग स्थानों के वन अमले ने एक मकान की बाड़ी से कीमती सागौन जब्त करने की कार्रवाई की है। यहां पर मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुंचे वन अमले ने भटेरा निवासी प्रकाश बनोटे के विरुद्ध कार्रवाई की है और बड़ी संख्या में सागौन जब्त कर मामले को विवेचना में लिया गया है जिसकी विवेचना की जा रही है।
लामता परियोजना व उडऩदस्ता टीम को मिली शिकायत
बता दें कि जिस स्थान पर सागौन काटकर रखी गई थी वहां की सूचना एक नहीं बल्कि दो स्थानों के वन अमले को दी गई थी। सूचना के आधार पर वनपरिक्षेत्र अधिकारी धर्मेद्र बिसेन व लामता परियोजना की परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी लालबर्रा ज्योत्सना खोब्रागढ़े अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची और यहां बाड़ी में रखी सागौन को जब्त करने की उनके द्वारा कार्रवाई की गई है।मिली जानकारी के अनुसार सूचना देने वाले को संदेह था कि कार्रवाई होगी या फिर नहीं जिसके चलते ही उसने उडऩदस्ता के साथ ही परियोजना को भी शिकायत की थी। जिसके चलते ही दोनो ही अमले अपने-अपने सर्च वारंट को लेकर मौके पर पहुंचे थे।
बड़ी संख्या में मिला सागौन
परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी लालबर्रा लामता परियोजना ज्योत्सना खोब्रागढ़े ने बताया कि मौके से 38 नग सागौन के लठ्ठे, 13 नग सागौन की बल्ली व चार नग सागौन की डेंगरी को जब्त करने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि लकड़ी कितने घन मीटर है इसकी पूरी जांच के बाद ही बताया जा सकता है और इसकी कीमत 50 से हजार लेकर एक लाख के बीच आंकी गई है। जिसे जब्त कर कनकी डिपों में पहुंचाया गया है और अवैध तरीके से सागौन काटकर रखने के मामले में अपराध दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई को पूर्ण किया गया है, और मामले की विवेचना की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान राजनैतिक दबाव के चलते बड़ी संख्या में वन विभाग का अमला सुरक्षा इंतजामों के साथ मौके पर मौजूद रहा है।

बालाघाट से डिलेशंकर बिसेन की रिपोर्ट