शिक्षा के मंदिर में नशाखोरी!
स्कूल में शराब पीकर आराम फरमा रहे थे प्रभारी प्रधान पाठक
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
सप्ताह में एक या दो दिन ही स्कूल आने के लग रहे आरोप
अतिथि शिक्षको के भरोसे चल रहा स्कूल
सिवनी – जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। छपारा विकासखंड अंतर्गत ताखला एकीकृत माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रभारी प्रधान पाठक सुरेश उइके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रभारी प्रधान पाठक स्कूल समय के दौरान कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल परिसर के अंदर आराम करते दिखाई दे रहे हैं। आपको बता दें प्राचीन काल से गुरूओ को देवताओ से भी बढकर स्थान दिया गया है क्योकि अज्ञानता के अंधकार के बीच ज्ञान रूपी प्रकाश देने का कार्य शिक्षक करता है इसलिए गुरूओ का स्थान समाज में सर्वोपरी माना गया है लेकिन आज के युग में शिक्षण जैसे कार्य में लगे शिक्षक अपने नैतिक दायित्वो को भूल गए है साथ ही उन्हे ना शासन का डर है और ना ही प्रशासन का तभी तो देखने में आता है कि कही शिक्षक स्कूल जाते है कही नही जाते कही पंचीग मशीन में पंच कर अपने दूसरे कार्य के लिए निकल जाते है तो कही समय आधा तो ही एक घंटा पहले बच्चो के साथ अपनी भी छुटटी कर अपने घर की ओर निकल जाते है। शराब पीकर स्कूल आने के इस मामले में ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और संकुल प्राचार्य गंगेश बैस को भेजकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि संबंधित शिक्षक सप्ताह में केवल एक-दो दिन ही स्कूल आते हैं और स्कूल अतिथि शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहा है। साथ ही, शराब के नशे में स्कूल आने के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। सरकार द्वारा सरकारी कार्य में लगे हर एक कर्मचारी को तनख्वाह के अलावा तमाम सारी सुविधाये दी जाती है इसके बावजूद कई सारे कर्मचारी अपने कार्य के प्रति ईमानदार नही है। इस मामले में प्रशासन को दोषियो के खिलाफ कठोर कदम उठाना होगा।
मामले की जानकारी मिलते ही छपारा जनपद शिक्षा केंद्र की जांच टीम और संकुल प्राचार्य मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जांच टीम को देखते ही प्रभारी प्रधान पाठक जांच का सामना करने के बजाय वहां से निकल गए। जांच टीम ने मौके पर जांच कर प्रतिवेदन उच्च अधिकारियों को भेज दिया है। अब देखना होगा कि इस मामले में विभाग क्या सख्त कार्रवाई करता है। इस मामले में संकुल प्राचार्य गंगेश बैस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके का मुआयना कर जाॅच प्रतिवेदन प्रशासन को कार्रवाई हेतु भेज दिया है।








