कलेक्टर श्रीमती पटले की अध्यक्षता में लॉन संचालकों और केटरर्स की बैठक आयोजित हुई
सिवनी – कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में जिले के लॉन संचालकों और केटरर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह उपस्थित रहीं।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती पटले ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की बुकिंग पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस संबंध में सभी संचालकों को अवगत कराते हुए गैस सिलेंडर के स्थान पर उपलब्ध वैकल्पिक साधनों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट, शादी-समारोह और अन्य आयोजनों में भोजन बनाने के लिए भट्टी, इंडक्शन, इलेक्ट्रिक उपकरण सहित अन्य वैकल्पिक साधनों का उपयोग किया जा सकता है, जिससे ईंधन की खपत को कम किया जा सके।

कलेक्टर श्रीमती पटले ने यह भी कहा कि आयोजनों में ऐसे व्यंजनों को प्राथमिकता दी जाए जिनमें कम ईंधन का उपयोग होता हो। इससे ईंधन की खपत कम होगी और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा। उन्होंने सभी लॉन संचालकों और केटरर्स से शासन के निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करने की अपील की।
घरेलू सिलेण्डर के व्यावसायिक उपयोग पर होगी कार्यवाही
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि व्यावसायिक गतिविधियों में घरेलू गैस सिलेण्डरों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। यदि किसी स्थल पर घरेलू सिलेण्डर का उपयोग पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती पटले ने अवगत कराया कि गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी एवं जमाखोरी की रोकथाम के लिए जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड एवं कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार औचक निरीक्षण करेंगी और स्थिति पर निगरानी रखेंगी। यदि कहीं भी गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी, जमाखोरी या नियमों के उल्लंघन की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।








