भाजपा मंडल अध्यक्ष और मंडल महामंत्री का तांडव

भूमिहीन नेता समिति प्रबंधक पर बना रहा धान बिक्री दर्ज करने का अवैध दबाव

कान्हीवाड़ा – सत्ता के मद में मदहोश नेता कैसे अपने पदों का दुरुपयोग करते हैं इसका एक ज्वलंत प्रमाण कान्हीवाड़ा में सामने आया है जहा सत्ताधारी दल से जुड़े दो पदाधिकारी मोबाइल पर सरेआम सोसाइटी प्रबंधक को अवैध रूप से अपने लिए अवैध काम कराने के लिए धमकी देते सुनाई दे रहे हैं।

मामला कान्हीवाड़ा भाजपा मंडल का है जहां का महामंत्री तथा कान्हीवाड़ा क्षेत्र से निर्वाचित जनपद सदस्य इंद्रकुमार जांघेला दलित समाज के एक सोसाइटी प्रबंधक को समय समाप्त हो जाने के बाद भी अपने नाम की धान ऑनलाइन चढ़ाने का दबाव डाल रहा है और जब प्रबंधक ने इससे मना कर दिया तो उसके पक्ष में मंडल अध्यक्ष द्वारा ऐसा करने का दबाव डाला गया। मंडल अध्यक्ष योगेश चंद्रवंशी अपनी आवाज में साफ तौर पर इंद्रकुमार का नाम लेकर उसकी धान चढ़ाने की बात कहता सुनाई दे रहा है। साथ ही यह भी कह रहा है की हम भी ऐसा करते हैं। उल्लेखनीय है की मंडल अध्यक्ष योगेश चंद्रवंशी खाद बीज और अनाज का व्यवसाय है।

ज्ञातव्य है कि 19 जनवरी धान खरीदी की अंतिम तारीख है और मंडल महामंत्री बिना धान बिक्री किए धान रिकार्ड में चढ़ा कर लाखों रुपए डकारने की योजना पर काम कर रहा था। यहां विशेष महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि जिस व्यक्ति के नाम से धान खरीदी की बात की जा रही है उसके तथा उसके परिवार के नाम पर कान्हीवाड़ा सोसाइटी के कार्यक्षेत्र में एक इंच भी कृषि भूमि नही है।

पद के दुरुपयोग का यह मामला सामने आने के बाद जनसामान्य में यह चर्चा आम हो गई है कि लंबे समय से यह लोग ऐसे काम में लगे है यह तो केवल एक झांकी मात्र है।