सिवनी। श्री श्याम परिवार समिति सिवनी द्वारा आयोजित श्री श्याम बाबा एवं शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार 16 जून 2026 को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि प्रातः 8 बजे गणेश-गौरी पूजन के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे अन्नाधिवास, 11 बजे फलाधिवास एवं दोपहर 2 बजे हवन पूजन संपन्न होगा।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण दोपहर 4 बजे निकलने वाली भव्य कलश एवं निशान यात्रा रहेगी। यह यात्रा श्रीराम मंदिर शुक्रवारी से प्रारंभ होकर श्री श्याम मंदिर, ऑरेंज सिटी कॉलोनी, नागपुर रोड तक पहुंचेगी। यात्रा में बाबा श्याम की आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे, ढोल तथा सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर बाबा श्याम के जयकारे लगाएंगे।

सायं 6.30 बजे रेशमाधिवास एवं रात्रि 7 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इस अवसर पर राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक बंटू भैया नजफगड दिल्ली एवं श्याम शुभम नागपुर अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

कार्यक्रम स्थल पर बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार, भव्य दरबार एवं विशेष श्याम रसोई की व्यवस्था भी रहेगी। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण “बाबा का खजाना” भी रखा गया है, जिसके अंतर्गत निशान एवं कलश यात्रा में सहभागी भक्तों में से 11 भाग्यशाली श्रद्धालुओं को बाबा का खजाना इनामी कूपन के माध्यम से प्रदान किया जाएगा।
श्री श्याम परिवार समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।







