विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
सिवनी – जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार, 16 जून को कुरई विकासखंड मुख्यालय में विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा।

जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगी तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगी। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, खाद्य, सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जिससे नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

जिला प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनसुनवाई में उपस्थित होकर शासन-प्रशासन से सीधे संवाद का लाभ उठाएं। विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान उपलब्ध कराना तथा प्रशासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाना है।








