नाली में गंदा पानी लगातार जमा रहने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है
सिवनी। एक ओर पूरे देश में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता को जन-जन का अभियान बनाकर शहरों और गांवों को साफ-सुथरा रखने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सिवनी नगर के कबीर वार्ड स्थित ज्ञानी मोहल्ले में नियम विरुद्ध तरीके से निर्मित एक नाली स्थानीय नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। नाली में गंदा पानी लगातार जमा रहने से क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, कीड़े-मकोड़े और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।
नाली का निर्माण तकनीकी मानकों के विपरीत किया गया है
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली का निर्माण तकनीकी मानकों के विपरीत किया गया है। उचित ढाल (स्लोप) नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती और गंदा पानी दिनों तक नाली में भरा रहता है। इससे आसपास रहने वाले परिवारों का घरों के बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। बदबू के कारण लोगों का बैठना और आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
निवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को मौखिक एवं लिखित रूप से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो नाली की तकनीकी जाॅच कराई गई और न ही समस्या का स्थायी समाधान किया गया। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जब गंदा पानी सड़क तक फैलने लगता है।
समय रहते नाली का पुर्ननिर्माण नही हुआ तो होगी गंभीर बिमारियाॅ
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते नाली का पुनर्निर्माण अथवा सुधार नहीं कराया गया तो डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। लोगों ने यह भी मांग की है कि नाली निर्माण में यदि किसी प्रकार की तकनीकी लापरवाही या नियमों का उल्लंघन हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर समेत जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से न्याय की लगी गुहार
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर नाली की तकनीकी जांच कराई जाए, रुके हुए गंदे पानी की तत्काल निकासी कराई जाए तथा नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
अब देखना यह होगा कि स्वच्छता अभियान की भावना को धरातल पर उतारने का दावा करने वाले जिम्मेदार विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देते हैं और कबीर वार्ड लोगों को इस समस्या से राहत मिल पाती है। इसके अलावा वार्ड के निवासियों ने जिले की जनभावनाओ को समझने वालीे बेहद ही संवेदनशील कलेक्टर श्रीमति नेहा मीणा,सांसद श्रीमति भारती पारधी विधायक दिनेश राय मुनमुन भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमति मीना बिसेन के अलावा नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोंडिया से शीघ्र ही इस दिशा में ध्यान देते हुए समस्या का समाधान कराये जाने की अपेक्षा की है ताकि वार्ड में निवासरत छोटे – छोटे बच्चे बुजुर्ग और महिलायें किसी गंभीर बीमारी की चपेट में आने से बच सके।







