दलसागर चैापाटी पर सजेगा भव्य नाइट स्टेज शो, पारंपरिक नृत्य, लोककला और वाद्य यंत्रों से गूंजेगा शहर
सिवनी। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 09 अगस्त 2026, रविवार को सिवनी में आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, अस्मिता और सामाजिक एकता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिलेगा। समस्त आदिवासी समाज, सिवनी द्वारा इस अवसर पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पूजा-अर्चना, महापुरुषों को श्रद्धांजलि, भव्य रैली, सामूहिक सहभागिता और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर आदिवासी समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अधिवक्ता महेन्द्र शाह मर्सकोले ने बताया कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 09.00 बजे दलसागर टापू पर पूजा गोंगो के साथ होगी। इसके पश्चात जनजाति समाज के महापुरुषों एवं राजा दलपत शाह को माल्यार्पण कर उनके योगदान और संघर्षों को नमन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहेंगे और अपनी परंपराओं एवं संस्कृति के अनुरूप कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।इसके बाद दोपहर 01.00 बजे रानी दुर्गावती चैक से भव्य रैली का शुभारंभ होगा। रैली में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल होंगे। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संस्कृति और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ निकलने वाली यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। रैली के माध्यम से आदिवासी समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और गौरव का संदेश देगा। रैली के समापन के बाद समाज की ओर से शामिल होने वाले लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है।विश्व आदिवासी दिवस के इस आयोजन का सबसे प्रमुख आकर्षण शाम को दलसागर चैापाटी में आयोजित होने वाला भव्य नाइट स्टेज शो रहेगा। शाम 06.00 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आदिवासी समाज की पारंपरिक संस्कृति और लोककला की मनमोहक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। पारंपरिक नृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा और विभिन्न प्रकार के वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों से दलसागर चैपाटी का वातावरण आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आएगा। कार्यक्रम में समाज की कला एवं संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही अपनी गौरवशाली परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश भी दिया जाएगा।आयोजकों ने समस्त आदिवासी समाज, सभी सगा समाज, युवाओं एवं जिलेवासियों से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की है। आयोजन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्रित कर आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करना है।गौरतलब है कि प्रत्येक वर्ष 09 अगस्त को मनाया जाने वाला विश्व आदिवासी दिवस दुनिया भर के आदिवासी समुदायों के अधिकारों, संस्कृति, भाषा, परंपराओं और प्रकृति संरक्षण में उनके योगदान को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह दिवस आदिवासी समाज के लिए केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि अपनी अस्मिता, पहचान, गौरव और एकता को मजबूत करने का प्रतीक है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए पीढ़ियों से संघर्ष करने वाले आदिवासी समाज के वीर महापुरुषों के योगदान को याद करने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का भी यह महत्वपूर्ण अवसर माना जाता है। सिवनी में आयोजित होने वाला यह जिला स्तरीय कार्यक्रम इसी गौरवशाली विरासत, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता को समर्पित रहेगा।







