क्या लम्बे समय से चल रही थी सागौन की तस्करी अब विभाग के तस्कर बने चुनौती
’वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध सागौन से भरी स्कॉर्पियो जब्त, चालक मौके से फरार’

केवलारी – छींदा मार्ग के सालीवाड़ा में वन विभाग की गश्त के दौरान पकड़ा गया वाहन, जांच के बाद राजसात की हो सकती है कार्रवाई
केवलारी ( सिवनी )। सिवनी जिले के केवलारी विकासखंड अंतर्गत वन क्षेत्र में अवैध सागौन तस्करी का मामला सामने आया है। बीती रात वन विभाग की गश्त के दौरान केवलारी – छींदा मार्ग पर सालीवाड़ा में अवैध सागौन की सिल्लियों से भरी एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने वाहन को जब्त कर उगली वन परिक्षेत्र के डिपो में खड़ा करा दिया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
’गश्त के दौरान पकड़ाया वाहन’
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम लिमिटेड, बरघाट परियोजना मंडल, सिवनी के परियोजना परिक्षेत्र अंतर्गत केवलारी क्षेत्र की उगली रेंज में वन विभाग की टीम रात्रिकालीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान केवलारीदृछींदा मार्ग पर सालीवाड़ा के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक डच् 20 ब्क् 4517 में अवैध रूप से सागौन की सिल्लियां ले जाते हुए वाहन को पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान रेंजर शिवभान नागेश्वर, डिप्टी रेंजर संतोष बनवाले एवं वन विभाग के अन्य कर्मचारियों की भूमिका रही। टीम ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
’वाहन मालिक और चालक से पूछताछ की तैयारी’
वन विभाग द्वारा जब्त स्कॉर्पियो को उगली वन परिक्षेत्र के डिपो में खड़ा कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक एमपी 20 सीडी 4517 किसी तिवारी नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत बताया जा रहा है। वाहन मालिक और उसे चला रहे चालक को बुलाकर मामले के संबंध में बयान लिए जाने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
’जांच के बाद हो सकती है वाहन राजसात करने की कार्रवाई’


अवैध रूप से सागौन का परिवहन वन कानूनों के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। वन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और लागू कानूनी प्रावधानों के आधार पर संबंधित वाहन को राजसात करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
’वन संपदा की सुरक्षा बड़ी चुनौती’
सिवनी जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में सागौन जैसी कीमती इमारती लकड़ी पाई जाती है। अवैध कटाई और तस्करी की गतिविधियां वन संपदा तथा पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती हैं। ऐसे में वन विभाग की गश्त और निगरानी के साथ अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। सालीवाड़ा में स्कॉर्पियो की जब्ती के बाद अब जांच के निष्कर्षों और विभाग की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।