घर और कपड़े की दुकान के पास मरीज को चढ़ाई जा रही थी बोतल, दवाइयों का भंडार भी मिला; शिकायत पर बीएमओ ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
सिवनी : जिले में कथित झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के बावजूद अवैध रूप से इलाज किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ताजा मामला भीमगढ़ कॉलोनी का है, जहां रिहायशी परिसर और कपड़े की दुकान के समीप मरीजों को इंजेक्शन लगाने तथा बोतल चढ़ाने की बात सामने आई है। इस स्थिति ने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिले के भोमा, कान्हीवाड़ा, पलारी, केवलारी समेत जिले भर में झोलाछाप डॉक्टरों का आतंक फैला हुआ है आखिर इनके ऊपर किसका हाथ है जिनके दम और शय पर बिना डर और खौफ के मनमानी पर उतारू है। प्रशासन को चाहिए शीघ्र ही इस पर लगाम लगाते हुए इस गोरख धंधे को बंद किया जा सके। डॉक्टर बनने के लिए सालों की मेहनत और लाखों के खर्चे के बाद बच्चे डॉक्टर बनते हैं जिसे खुले तौर पर भ्रष्ट अधिकारियों की शय पर डिग्रीधारी चिकित्सकों को ठेंगा दिखाते हुए चिढ़ाने का काम किया जा रहा है।
स्वस्थ मरीज को और ज्यादा बीमार कर उनको जिला अस्पताल भेजने का काम करते हैं और जब मरीज को कुछ हो जाता है तो ठीकरा जिला अस्पताल के चिकित्सकों पर मढ़ दिया जाता है। जिला कलेक्टर इस मामले में संज्ञान लेते हुए इस अवैध धंधे को बंद करने के ठोस कदम उठाए।
जानकारी के अनुसार, रविवार को भीमगढ़ कॉलोनी में साप्ताहिक बाजार के दौरान एक कपड़े की दुकान के पास एक बुजुर्ग मरीज को बोतल चढ़ाई जा रही थी। मौके पर बड़ी मात्रा में दवाइयां भी दिखाई दीं। रिहायशी क्षेत्र और दुकान के समीप इस तरह उपचार किए जाने से संबंधित व्यक्तियों की चिकित्सकीय योग्यता, पंजीयन और वैध अनुमति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यदि बिना आवश्यक योग्यता और अनुमति के मरीजों का उपचार किया जा रहा है तो यह उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम बन सकता है।
गौरतलब है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जिले के निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैब संचालकों को निर्धारित नियमों के तहत संस्थान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए निरीक्षण दल गठित कर जांच की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे में भीमगढ़ कॉलोनी में सामने आई शिकायत ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले की जानकारी छपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) को फोन पर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई। इस पर बीएमओ इनवाती ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि रविवार होने के कारण भीमगढ़ स्थित आरोग्य धाम बंद है।
योग्यता और पंजीयन की जांच जरूरी
अब स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है कि मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों की चिकित्सकीय योग्यता, पंजीयन, उपचार की वैध अनुमति और दवाइयों के भंडारण की जांच करे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि मरीजों का उपचार किन नियमों के तहत किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना पर्याप्त चिकित्सकीय योग्यता के उपचार की स्थिति मरीजों के लिए जोखिमपूर्ण हो सकती है। ऐसे मामलों में समय रहते जांच और नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है।







