अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

3

रानी दुर्गावती वार्ड में दबिश देकर आरोपी के कब्जे से देशी पिस्टल मय मैगजीन बरामद, पिता-पुत्र के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश जारी

सिवनी – पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अवैध हथियार रखने एवं उनका उपयोग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध हथियार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण –
दिनांक 11/11/2026 को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि रानी दुर्गावती वार्ड स्थित अशोक किराना दुकान के पास मदन उर्फ बादल यादव निवासी रानी दुर्गावती वार्ड सिवनी अवैध रूप से देशी पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल पुलिस स्टाफ एवं स्वतंत्र साक्षियों के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी गई।

मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर एक युवक मिला, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। उक्त युवक का पीछा करने पर प्र.आर. नवीन तिवारी को दाहिने पैर एवं दोनों हाथों में चोटें आईं, फिर भी साहस का परिचय देते हुए उक्त पिस्टल लिए हुए बदमाश को धर दबोचा। उक्त प्र.आर. के साथ में सउनि जगमोहन अधिकार, प्र.आर. मनोज पाल, प्रदीप चौधरी द्वारा भी उक्त आरोपी की घेराबंदी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

मौके पर संदिग्ध मदन उर्फ बादल यादव पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा, उम्र 19 वर्ष, निवासी रानी दुर्गावती वार्ड सिवनी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से स्टील धातु से निर्मित एक देशी पिस्टल मय खाली मैगजीन बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी मदन उर्फ बादल यादव द्वारा उक्त पिस्टल अपने पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा द्वारा खरीदकर लाना तथा दो जिंदा कारतूस पिता के पास होना बताया गया।

उक्त कृत्य पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 975/2026, धारा 25/27 आर्म्स एक्ट एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में आरोपी मदन उर्फ बादल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दूसरे आरोपी अजय उर्फ अज्जू कोष्टा पिता शिवदयाल कोष्टा, उम्र 45 वर्ष, निवासी रानी दुर्गावती वार्ड सिवनी की तलाश की जा रही है। आरोपी की शीघ्र पतासाजी कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उक्त आरोपी का दो दिवस का पुलिस रिमांड भी लिया जा रहा है, जिससे अन्य प्रकरणों एवं अन्य अवैध हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा सके।

गिरफ्तार आरोपी –

  1. मदन उर्फ बादल यादव, पिता अजय उर्फ अज्जू कोष्टा, उम्र 19 वर्ष, निवासी रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी।

फरार / तलाशरत आरोपी –

  1. अजय उर्फ अज्जू कोष्टा, पिता शिवदयाल कोष्टा, उम्र 45 वर्ष, निवासी रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी। (थाना क्षेत्र का सक्रिय निगरानी बदमाश है, पूर्व से 35 से अधिक चोरी, नकबजनी एवं मारपीट के अपराध दर्ज हैं।)

जप्त सामग्री –

  • एक देशी पिस्टल मय खाली मैगजीन।

सराहनीय भूमिका – निरीक्षक सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक राजेश शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक जगमोहन अधिकार, प्रधान आरक्षक प्रदीप चौधरी, नवीन तिवारी, मनोज पाल, मुकेश गोंडाने, सुधीर डहेरिया, आर. मुकेश नवरेती, प्रतीक बघेल, म.आर. दीपाली बघेल की विशेष भूमिका रही।