एसपी कृष्ण लालचंदानी ने बकरीद त्यौहार को लेकर ली अपराध समीक्षा बैठक’
सिवनी – पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.)’ द्वारा दिनांक 20.मई.2026 को देर रात्रि पुलिस कंट्रोल रूम सिवनी में आगामी ’बकरीद त्यौहार’ के दृष्टिगत जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), थाना प्रभारियों एवं चैकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
’बैठक के प्रमुख बिंदु’
’1. गौवंश अपराधों पर जीरो टॉलरेंस’
पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि जिले में ’गौवंश हत्या, तस्करी एवं परिवहन’ जैसे अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्यौहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
’2. प्रेजेंटेशन के माध्यम से रणनीति’
बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में ’गौवंश अपराधों की रोकथाम हेतु आगामी दिनों की कार्ययोजना’ का प्रेजेंटेशन दिया गया। संवेदनशील स्थानों की पहचान, गश्त व्यवस्था, मुखबिर तंत्र सक्रिय करने एवं अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
’3. लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण’
पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में ’लंबित अपराध, लंबित चालान, लंबित मर्ग, लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों’ का समय-सीमा में निराकरण कर ग्रेडिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। ’लंबित समन, वारंट, स्थाई वारंट’ की तामीली शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा गया।
’4. तकनीकी कार्यों की समीक्षा’
’ई-साक्ष्य ऐप’ में प्रकरणों की प्रविष्टि एवं ’सीसीटीएनएस’ में डाटा अपडेशन की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन का डाटा अनिवार्य रूप से अपलोड करने हेतु पाबंद किया गया।
’5. प्रतिबंधात्मक कार्रवाई’
गौवंश अपराधों में लिप्त आरोपियों एवं संदिग्धों के विरुद्ध ’धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत बाउंड ओवर, अंतिम बाउंड ओवर की कार्रवाई, नोटिस जारी करने एवं तामीली’ की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्यौहारों के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा’, समस्त एसडीओपी, रक्षित निरीक्षक एवं जिले के समस्त थाना/चैकी प्रभारी उपस्थित रहे।







