सिवनी। उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य, पर्यावरण संरक्षण एवं इको क्लब की गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान, आईसीटी के अभिनव प्रयोग तथा विभिन्न सहशैक्षणिक एवं पाठ्य सहगामी गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस शासकीय शाला में पदस्थ शिक्षिका पूजा पांडे को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।
राजधानी भोपाल स्थित आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 2026 में प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों शिक्षिका पूजा पांडे को सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षिका पूजा पांडे ने विद्यालय में अपने शैक्षणिक दायित्वों के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया है। उनके द्वारा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रभावी और आधुनिक बनाने के लिए सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) का अभिनव प्रयोग किया गया। साथ ही विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से इको क्लब एवं पर्यावरण संबंधी विभिन्न गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाई गई।
विद्यालय में आयोजित विभिन्न पाठ्य सहगामी एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभाओं को निखारने में भी पूजा पांडे का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके इन प्रयासों से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिला। राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त होने पर शिक्षिका पूजा पांडे को उनके शुभचिंतकों, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं शाला परिवार ने हार्दिक बधाई दी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे इसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं समाज को प्रेरित करती रहेंगी







