डॉ अंबेडकर के आदर्शों से प्रेरणा लेकर पिछड़े वर्गों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण का चलाया जा रहा अभियान-प्रभारी मंत्री श्री वर्मा
डॉ.अंबेडकर जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का समारोहपूर्वक आयोजन
रुसिवनी प्रदेश शासन के राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री करणसिंह वर्मा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक महान व्यक्तित्व नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके विचार, संघर्ष और सिद्धांत आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवन में सामाजिक विषमताओं के विरुद्ध संघर्ष करते हुए पिछड़े वर्गों, वंचितों एवं महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। उनके द्वारा निर्मित संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया, जिससे भारत एक सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित हुआ। प्रभारी मंत्री श्री वर्मा अंबेडकर जयंती के अवसर पर सिवनी जिला मुख्यालय स्थित एमएलबी विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को आत्मसात करते हुए पिछड़े वर्गों एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे डॉ. अंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा को अपना मुख्य साधन बनाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

विधायक दिनेश राय ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान आज देश की व्यवस्था का आधार स्तंभ है। यह संविधान न केवल देश में शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने का कार्य करता है, बल्कि सभी वर्गों को समानता का अधिकार भी सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के आदर्शों से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। नारी शक्ति वंदन अभियान के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा निर्वाचित पदों में 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। विधायक श्री राय ने युवाओं को शिक्षा के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि शिक्षा एक शस्त्र के समान है, जिसके माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में आगे बढ़ सकता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को प्राथमिकता दें और अपने भविष्य के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती डेहरिया, जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, पूर्व सांसद डॉ ढालसिंह, बिसेन,पूर्व सांसद नीता पटेरिया, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह सहित अन्य वरिष्ट जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।







