सिवनी। ऑरेंज सिटी कॉलोनी, गुरुकुल स्कूल के सामने स्थित नव निर्मित श्री श्याम मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय श्री श्याम बाबा एवं भगवान शिव परिवार के भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। 15 जून से 17 जून 2026 तक चले इस धार्मिक आयोजन में सिवनी सहित नागपुर, जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा तथा आसपास के अनेक जिलों एवं ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धर्म लाभ अर्जित किया।

महोत्सव के प्रथम दिवस विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों, गणेश-गौरी पूजन, जलाधिवास, सुगंधाधिवास, हवन-पूजन एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। संध्या बेला में भव्य शृंगार, दिव्य दरबार एवं भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
द्वितीय दिवस अन्नाधिवास, फलाधिवास, हवन-पूजन एवं अन्य वैदिक विधानों के साथ भव्य कलश यात्रा एवं निशान यात्रा निकाली गई। यह यात्रा राम मंदिर शुक्रवारी से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री श्याम मंदिर पहुंची। यात्रा में सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने कलश धारण किए तथा श्याम भक्तों ने निशान लेकर बाबा का गुणगान किया। आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों एवं डीजे के साथ निकली यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया।
महोत्सव के अंतिम दिवस 17 जून को प्रातःकाल महाभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ-हवन के बीच शुभ मुहूर्त दोपहर 12:15 बजे श्री खाटू श्याम बाबा एवं शिव परिवार के विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। नागपुर के सुप्रसिद्ध वैदिक आचार्य पंडित श्री अजय जोशी जी के सान्निध्य में सम्पन्न इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दिव्य दर्शन किए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन विशाल भंडारे एवं प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। तीनों दिनों तक मंदिर परिसर भक्तों की भारी उपस्थिति से गुलजार रहा। भजन संध्याओं में विभिन्न ख्याति प्राप्त भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रखा।
महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य श्याम तोरण द्वार का भूमि पूजन भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिवनी के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री दिनेश राय ‘मुनमुन’ जी ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया। विधायक श्री राय ने अपने संबोधन में कहा कि श्री श्याम मंदिर सिवनी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करेगा।
श्री श्याम परिवार समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर परिसर में अभी शिव मंदिर के गुंबज, रानी सती दादी, राधा-कृष्ण, सालासर बालाजी मंदिर, धर्मशाला, सत्संग हॉल, भोजन कक्ष एवं गौशाला सहित अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, जिनके लिए भक्तों का सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है।
समिति ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं, यजमानों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सेवा में जुटे स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री श्याम बाबा की कृपा से यह मंदिर आने वाले समय में समूचे महाकौशल एवं विदर्भ क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
श्री श्याम परिवार समिति (रजि.), सिवनी ,श्री श्याम महिला मंडल एवं श्री श्याम युवा समिति, सिवनी ने सभी श्रद्धालुओं से भगवान श्री श्याम बाबा के मंदिर पहुंच दर्शन लाभ लेने की अपील की है!





