सिवनी – सांदीपनि विद्यालय कंडीपार में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए आवागमन की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन ने पहल की है। विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला स्तर से बस सुविधा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। राज्य स्तर से नियमित परिवहन व्यवस्था की प्रक्रिया पूर्ण होने तक जिले से यह व्यवस्था की जा रही है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें सुगम आवागमन मिल सके।


कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शिक्षा एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी 1 सितंबर 2026 से सांदीपनि विद्यालय कंडीपार के विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा प्रारंभ की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बस संचालन की व्यवस्था विद्यार्थियों की सुविधा को केंद्र में रखकर की जाए। इसके लिए विद्यार्थियों के निवास क्षेत्र, उनकी संख्या और विद्यालय तक पहुंचने के मार्ग का अध्ययन करते हुए रूट चार्ट तैयार किया जाए।


कलेक्टर ने निर्देश दिए कि रूट ऐसा निर्धारित किया जाए कि विद्यार्थियों को बस पकड़ने के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े। सुविधाजनक स्थानों पर स्टॉपेज निर्धारित किए जाएं तथा विद्यालय के समय को ध्यान में रखते हुए बसों की समय-सारणी तय की जाए। इससे विद्यार्थियों को समय पर विद्यालय पहुंचने के साथ ही छुट्टी के बाद सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से घर लौटने में भी मदद मिलेगी।


उन्होंने अधिकारियों को बस संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा विद्यार्थियों की सुविधा के अनुसार आवश्यकतानुसार रूट एवं संचालन में सुधार करने पर भी ध्यान देने के भी निर्देश दिये गये है।